परवेज अख्तर/सिवान: जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हरिहांस उत्तर टोला निवासी ढेबर राम के पुत्र कृष्णा राम की मौत गुजरात के अहमदाबाद में 18 फरवरी को सड़क दुर्घटना में हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि कृष्णा राम 18 फरवरी को महाशिवरात्रि के मौके पर जलाभिषेक कर अपने आवास पर लौट रहे थे, तभी ट्रक के धक्के से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इसकी सूचना आसपास के लोगों ने फोन के द्वारा स्वजनों को दी। सूचना मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया।
स्वजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया है। मृतक चार भाई एवं एक बहन में तीसरे स्थान पर था। उसे दो पुत्र तथा एक पुत्री है। बड़े पुत्र की शादी मई में होने वाली है। वे अहमदाबाद में बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन का कार्य करते थे। शव का अंतिम दाह संस्कार अहमदाबाद में कर दिया गया। इस घटना के बाद मृतक के दरवाजे पर स्वजनों को ढाढ़स बंधाने वालों की भीड़ लगी हुई थी।
            
		
							
													
							
													
							
													
							
													
							
													














