मैरवा

चोरी से आक्रोशित व्यवसायियों ने किया सड़क जाम

परवेज़ अख्तर/सीवान:- जिले के मैरवा थाना क्षेत्र के तितरा में मंगलवार की रात एक फोटो स्टूडियो के शटर का ताला तोड़ कर चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना की जानकारी लोगों को बुधवार की सुबह उस समय हुई जब दुकानदार अपनी दुकान को खोलने पहुंचा। यहां आने के बाद दुकान के शटर का ताला टूटा देख उसने इसकी जानकारी आसपास के दुकानदारों को दी। इसके बाद सभी व्यवसायी आक्रोशित हो गए। आक्रोशित व्यवसायियों और ग्रामीणों ने मैरवा- सिवान मुख्य मार्ग को जाम कर दो घंटे तक प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी तितरा बाजार में लगातार हो रही चोरी से काफी नाराज थे। उनकी शिकायत थी कि पुलिस प्रशासन चोरी की घटना को रोकने के लिए कुछ नहीं कर रहा है। वे रात्रि गश्त बढ़ाने, एक पुलिस चौकी बनाने, तितरा बाजार में अब तक हुई चोरी की घटना के संलिप्तों को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। सड़क जाम की सूचना मिलते ही मैरवा प्रभाग के पुलिस इंस्पेक्टर अरुण कुमार और थानाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह निराला वहां पहुंचे और सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझा कर आवागमन बहाल कराया। दो घंटे तक सड़क जाम किए जाने से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं थीं। वाहनों पर सवार यात्री उतर कर एक तरफ से दूसरी तरफ पैदल जाने की कोशिश करते देखे गए। सड़क जाम का नेतृत्व कर रहे आरवाईए के जिला सचिव सुजीत कुमार कुशवाहा, उप मुखिया विकास राय, सोनू श्रीवास्तव, कृष्णा सिंह, प्रमोद राय ने कहा कि विगत एक महीने के अंदर तितरा बाजार में कई दुकानों में चोरी हो चुकी है। पहले तितरा बाजार के निकट पंचायत भवन में पुलिस चौकी थी, जिससे व्यवसायी ग्रामीण सुरक्षित महसूस करते थे, लेकिन कुछ वर्षों पहले पुलिस चौकी वहां से हटा लिया गया। इसके बाद हमेशा यहां कोई न कोई आपराधिक घटना होती रहती है। इसलिए यहां पुलिस चौकी बहाल की जाए। उधर सड़क जाम समाप्त होने के बाद सोनू स्टूडियो के मालिक सोनू कुमार उर्फ अमरजीत ने मैरवा थाना में आवेदन देकर चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वे मंगलवार की देर शाम अपना स्टूडियो बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन जब लौटे तो उनके स्टूडियो के शटर का ताला टूटा हुआ था और शटर उठा हुआ था। जब वे अंदर गए तो सामान तितर-बितर पड़ा देखा। उन्होंने देखा कि होम थिएटर समेत स्टूडियो का कई कीमती सामान चोरी कर ली गई है। विदित हो कि एक सप्ताह पहले भी तितरा बाजार के अंकेश कुमार की मोबाइल दुकान और अब्बास अंसारी के कपड़ा दुकान का एक ही रात में ताला तोड़ लाखों रुपये की संपत्ति की चोरी कर ली गई थी। इसकी भी प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, लेकिन चोर का कोई सुराग पुलिस नहीं लगा सकी। एक हफ्ता बाद ही एक बार फिर चोरी की घटना ने तितरा बाजार के व्यवसायियों के आक्रोश को उबाल पर ला दिया।

Siwan News

Recent Posts

सिवान: सदर अस्पताल में एंटी-रेबीज वैक्सीन खत्म, मरीज बैरंग लौटे

सिवान। सदर अस्पताल में एंटी-रेबीज वैक्सीन (एआरवी) का स्टॉक खत्म होने से शुक्रवार को जानवरों…

September 14, 2026

सिवान: महाराजगंज में रैयतों की समस्या पर किसान संघ का आंदोलन, 17 सितंबर से अभियान

सिवान। महाराजगंज प्रखंड के रैयतों को राजस्व विभाग से जुड़ी समस्याओं को लेकर भारतीय किसान…

September 14, 2026

सिवान: 14 से 19 सितंबर तक ऋण वसूली शिविर, बकाया जमा नहीं करने पर कार्रवाई

सिवान। जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय ने जिले में छह दिवसीय ऋण वसूली शिविर का आयोजन…

September 14, 2026

बिहार मौसम अपडेट: 19 जिलों में ‘येलो अलर्ट’, 50km/h की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

पटना: बिहार में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट ली है। मौसम विभाग ने…

May 11, 2026

मैरवा: कबीरपुर में गैस रिफिलिंग नियमों को लेकर फूटा ग्राहकों का गुस्सा, आंदोलन की चेतावनी

मैरवा (सीवान): कबीरपुर स्थित गायत्री इंडेन गैस एजेंसी पर रविवार को उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा…

May 11, 2026