सिवान: रुद्र महायज्ञ व रामजन्मोत्सव को निकली कलश यात्रा, वातावरण हुआ भक्तिमय

परवेज अख्तर/सिवान: जिले के विभिन्न जगहों पर बुधवार को वासंतिक नवरात्र, रुद्रमहायज्ञ, राम जन्मोत्सव व भागवत कथा को ले हाथी-घोड़े व बैंड बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गई। इस दौरान भक्ति गीत व जयकार से वातावरण भक्तिमय हो गया है। कलश यात्रा को ले आयोजन समिति द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इस मौके पर श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की गई थी। जानकारी के अनुसार आंदर प्रखंड के बरवां स्थित वंशीराम ब्रह्ममंदिर परिसर में आयोजित 11 दिवसीय रुद्रमहायज्ञ को ले यज्ञ स्थल से महायज्ञ के संरक्षक काशीदास त्यागी महाराज व यज्ञाचार्य अरविंद मिश्र के नेतृत्व में हाथी-घोड़े व बैंड बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गई।

कलश यात्रा यज्ञ स्थल से आरंभ होकर असांव, शनिचरा टोला, खरदरा, तियर, पिहुली, बलहू, टोका गांव होते हुए दरौली सरयू नदी तट पहुंची जहां वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ जल भरा गया। इसके बाद कलश यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए पुन: यज्ञ स्थल पर पहुंची जहां कलश स्थापना के साथ महायज्ञ शुरू हुआ। यज्ञ संरक्षक ने बताया कि यज्ञ में पूजा के साथ दिन में रामलीला, शाम में प्रवचन व रात्रि में रासलीला का आयोजन किया जाएगा। महायज्ञ की पूर्णाहुति एक अप्रैल को हवन पूजा के साथ होगी। मौके पर काफी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। वहीं गुठनी के ममौर में 22 से 29 मार्च तक आयोजित भागवत कथा को ले कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा ममौर मठ से आरंभ होकर गुठनी बाजार होते हुए सरयू नदी तट पहुंची जहां आचार्य रवि प्रकाश मिश्र द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ जलभरी कर पुन: यज्ञ स्थल पर पहुंची। आचार्य ने बताया कि प्रतिदिन सुबह-शाम पूजा अर्चना के साथ शाम छह बजे से रात्रि आठ बजे तक भागवत कथा का कार्यक्रम होगा। मौके पर गौरव मिश्र, पं. अटल बिहारी शर्मा, महंथ रघुनाथ दास, संत आत्मदास, संत घंटी दास समेत काफी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

वहीं रघुनाथपुर में श्रीराम दूत सेवा समिति के तत्वावधान में रामजन्मोत्सव को ले आयोजक शहीद भगत सिंह सामाजिक संस्थान के अध्यक्ष अखिलेश कुमार उर्फ अविनाश कुमार व बालक दास महात्यागी महाराज के नेतृत्व में कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा रघुनाथपुर शहीद मैदान पूजा स्थल से आरंभ होकर रघुनाथपुर, धनौती खाप, नवादा, हरपुर होते हुए नरहन घाट पहुंची जहां आचार्य पंडित मुकेश तिवारी, विनायक पांडेय, सोमनाथ शुक्ला, मणिभूषण चौबे द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण कर जलभरी की गई। इसके बाद कलश यात्रा लहलादपुर , सलेमपुर, मिर्जापुर, राजपुर मोड़, मोतीचक होते हुए रघुनाथपुर शहीद मैदान पूजा स्थल पर पहुंची जहां पूजा अर्चना शुरू हुई। आयोजक ने बताया कि रामजन्मोत्सव पर पूजा अर्चना के साथ प्रवचन एवं वृंदावन के कलाकारों द्वारा रामलीला एवं रासलीला का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम तीन अप्रैल तक चलेगा। इस मौके पर यजमान सपत्नी प्रफुल्ल दुबे, विशाल गुप्ता समेत काफी संख्या में श्रद्धालु शामिल थे। वहीं इसके अलाव वासंतिक नवरात्र को ले नरहन माताजी मंदिर व कड़सर स्थित पाताल माई मंदिर से कलश यात्रा निकाली गई। इसमें काफी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

Siwan News

Recent Posts

सिवान: हत्या मामले में फरार आरोपित को पुलिस ने पकड़ा

सिवान: पचरुखी थाने की पुलिस ने शुक्रवार की सुबह भवानी मोड़ के समीप से हत्या…

January 25, 2025

खुशखबरी: सिवान से वाराणसी सिटी तक चलेगी महाकुंभ स्पेशल ट्रेन

सिवान जंक्शन से महाकुंभ स्पेशल ट्रैन यात्रियों के लिए चलेगी, रेलवे ने यात्रियों की सहूलियत…

January 13, 2025

बिहार में सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई, नया कानून पास

पटना: बिहार में अब सरकारी जमीन, मकान और अन्य संपत्तियों पर अवैध कब्जा करने वालों…

November 28, 2024

सिवान: हनुमान मंदिर में की गई आरती, हुआ प्रसाद वितरण

परवेज अख्तर/सिवान: शहर के सिसवन ढाला लक्ष्मीपुर हनुमान मंदिर में मंगलवार की देर संध्या श्रीमाता…

August 21, 2024

सिवान: चोरी की बाइक के साथ एक चोर गिरफ्तार

परवेज अख्तर/सिवान: नगर थाना की पुलिस ने चोरी की एक बाइक के साथ एक चोर…

August 21, 2024

असांव: दो पक्षों में मारपीट, चार घायल

परवेज अख्तर/सिवान: जिले के असांव थाना क्षेत्र के छितनपुर गांव में बुधवार को बंटवारे को…

August 21, 2024