परवेज अख्तर/सिवान : जिले के बड़हरिया प्रखंड के सदरपुर संकुल संसाधन में शुक्रवार को छात्रों से अपने घर में शौचालय बनाने के लिए अपने पिता के पास पत्र लिखवाया गया। बच्चों द्वारा अपने माता- पिता को पत्र लिखा कर घर में शौचालय नहीं रहने के कारण मां, बेटी, बहू एवं बहन तथा बुजुर्गों को शौच करने बाहर जाना पड़ता है। बाहर शौच करने से शर्म महसूस कर रहे हैं। छात्रों को पत्र में बाहर शौच करने से बीमारी एवं जलवायु प्रदूषण होने की भी जानकारी अपने पत्र में लिख कर अपने माता पिता को दी गई। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता के दौरान पर्यावरण रक्षा संपूर्ण स्वच्छता व्यक्तिगत स्वच्छता आदि विषयों पर चित्रकला के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। इस मौके पर बीईओ अशोक पांडेय, शिक्षक जितेंद्र कुमार यादव, मनोज कुमार सिंह,दीपेश कुमार, विनय कुमार साह, सावित्री देवी आदि मौजूद थे।
बीडीओ ने किया छठ घाटों का निरीक्षण
परवेज अख्तर/सिवान : जिले के लकड़ी नबीगंज प्रखंड के नबीगंज शिव मंदिर बंगला गोपालपुर, नवादा, मुसेपुर आदि छठ घाटों का निरीक्षण बीडीओ मो. अलाउद्दीन अंसारी ने किया। उन्होंने उपस्थित पंचायत सचिव, विकास मित्रों, रोजगार सचिवों, जनप्रतिनिधियों से साफ-सफाई एवं स्वच्छता को ले अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सफल बनाने के लिए अपील की। उन्होंने कर्मियों से कहा कि इसमें लापरवाही बरतने वाले बख्शे नहीं जाएंगे। मौके पर मुखिया मनोज सिंह, मुखिया शैलेंद्र यादव, मुकेश जोगिंदर यादव, सरपंच सुरेश सिंह, पार्षद सुनील सिंह, मोतीलाल प्रसाद, अफरोज आलम, शाहिद अंसारी समेत काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।
नोटबंदी की दूसरी वर्षगांठ पर कांग्रेस ने मनाया काला दिवस
परवेज अख्तर/सिवान : नोटबंदी के दो वर्ष पूरे होने पर जिला कांग्रेस कमिटी के सदस्यों द्वारा शुक्रवार को जिलाध्यक्ष डा. विधुशेखर पांडेय के नेतृत्व में शहर के पटेल चौक पर एक दिवसीय धरना का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। कांग्रेस नेताओं ने सरकार एवं वित्तमंत्री पर गलत बयान कर देश की जनता को गलत सूचना देने का दोषी बताया। उन्होंने कहा कि अगर कर संग्रह बढ़ा है तो भारत सरकार के अधीन काम करने वाली संस्था सीबीडीटी अपने रिपोर्ट में कैसे बता रही है कि करदाताओं की संख्या में वृद्धि तो हुई है, लेकिन कर संग्रह वर्ष 2016-17 में विगत पांच सालों में सबसे कम रहा है। अर्थात व्यापार के घाटे के कारण करदाताओं की क्षमता घटी है। और इसका सीधा असर हमारे उद्योग धंधों, नौजवानों के रोजगार, श्रमिकों के अवसर पर पड़ा है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि नोटबंदी के बहाने मोदी ने देश के गरीब लोगों को लूटा है और बड़े पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाया है। प्रधानमंत्री ने नोटबंदी कालेधन को खत्म करने के लिए की थी, लेकिन इससे 99.3 प्रतिशत पैसा जो मार्केट में था वह सब आरबीआई में जमा हो गया है तो काला धन कहां है? नोटबंदी से देश की जीडीपी घटी है और अर्थव्यवस्था पर भी बुरा असर पड़ा है। मौके पर रामाकांत सिंह, कमलेश सिंह, ओमप्रकाश मिश्रा, मनीर आलम,प्रमोद चौधरी, जावेद अली, रूदल बागी, गणेश राम, हरिशंकर तिवारी, ध्रवलाल प्रसाद, जावेद अशरफ खान, मथुरा पंडित, मो. इरफान, हाफिज जुबैर, जावेद अली, डा. राजा हुसैन, जमाल अहमद, महम्मद रिजवान, शिवधारी दूबे, कृष्ण बिहारी दीक्षित, मिथिलेश सिंह, सरोज भारती, सोहैल अहमद समेत अन्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।
स्टेट अंडर 23 में तीन खिलाड़ियों का हुआ चयन
परवेज अख्तर/सिवान : शहर के राजेंद्र स्टेडियम में संचालित कैफ क्रिकेट एकेडमी के तीन खिलाड़ियों का चयन स्टेट अंडर 23 में हुआ है। जिसमें सोनू गुप्ता को उपकप्तान के रूप में चयनित किया गया है। वहीं साबिर खान व सतीश कुमार का भी चयन किया गया है। कैफ एकेडमी के अध्यक्ष विनोद कुमार जायसवाल ने बताया कि यह जिले के लिए गर्व की बात है। साथ ही बताया कि कैफ क्रिकेट एकेडमी के बच्चे लगातार दस वर्षों से स्टेट चैंपियनशिप में जगह बना रहे है। इसका सारा श्रेय सिवान सिनियर डिस्ट्रिक्ट के कप्तान मो. कैफ को जाता है। चयन होने पर बधाई देने वालों में कैसर जमाल, शमशीर अहमद, रितेश कुमार बब्लू, सलाउद्दीन अहमद, फिरोज अहमद, फैजान नईम, नंदन सिंह, शशि चौरसिया, प्रभाष चंद्र, अजय कुमार, जमीर आलम, युसूफ व शोएब अहमद समेत अन्य लोग शामिल थे।
पुलिसकर्मियों की बर्खास्तगी व उत्पीड़न के खिलाफ माले का प्रतिवाद मार्च
परवेज अख्तर/सिवान : पटना में आंदोलनकारी पुलिसकर्मियों की बर्खास्तगी, महिला यौन उत्पीड़न के खिलाफ शुक्रवार को भाकपा माले कार्यकर्ताओं ने शहर के खुरमाबाद स्थित जिला कार्यालय से प्रतिवाद मार्च निकाला। प्रतिवाद मार्च जिला कार्यालय से निकालकर गोपालगंज मोड़, पटेल चौक, जेपी चौक, दरबार रोड़, अस्पताल मोड़, बबुनिया मोड़ होते हुए पुन: जेपी चौक पर आकर सभा में तब्दील हो गया। प्रतिवाद मार्च का नेतृत्व पूर्व विधायक अमरनाथ यादव व भाकपा माले केंद्रीय कमिटी के सदस्य नैमुद्दीन अंसारी ने संयुक्त रूप से किया। सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक अमरनाथ यादव ने कहा कि आज सुरक्षा करने वाली बेटियां भी सुरक्षित नहीं हैं और सूबे की सरकार कानून का राग अलाप रही हैं। महिला सिपाही सविता पाठक की मौत सरकार व प्रशासन की लापरवाही के कारण हुई है। उसकी असामयिक मौत ने कई तरह के सवाल खड़े कर दिए हैं। सरकारी कार्यालय व संस्थान अब महिला शोषण व अत्याचार के केंद्र बन गए हैं। हम सबकों मिलकर इनके खिलाफ आंदोलन करना होगा। नैमुद्दीन अंसारी ने कहा कि पुलिस भी सरकारी कर्मचारी हैं। उनके भी लोकतांत्रिक अधिकार है। बिना कोई नोटिस के 77 महिला समेत 175 पुलिसकर्मियों को बर्खास्त कर देना दरबारी फैसला है। यह अन्यायपूर्ण तानाशाही कदम है। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमले बढ़े है। सेना में भी महिला जवान असुरक्षित हैं। प्रतिवाद मार्च में आइसा सदस्य जयशंकर पडित, विकास यादव, सुनीत कुशवाहा, योगेंद्र यादव, उमा राम, हंसनाथ राम, राजेश गुप्ता, रमेश प्रसाद, रामजी खरवार, दीना गुप्ता, जयकरण महतो, गुड्डू मिश्रा समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
धूमधाम से मना गोवर्धन पूजा एवं भैया दूज
परवेज अख्तर/सिवान : जिला मुख्यालय समेत विभिन्न प्रखंडों में शुक्रवार को गोवर्धन पूजा एवं भैया दूज धूमधाम से मनाया गया। परंपरा के अनुसार यह पर्व कार्तिक शुक्ल पक्ष द्वितीया को मनाया जाता है। शुक्रवार को अहले सुबह घर की बुजुर्ग महिलाओं द्वारा परंपरागत तरीके से हसुआ तथा कंडा की लकड़ी से सूप बजाकर घर से दरिद्र भगाने की रस्म अदा की गई। इसके बाद स्नानादि से निपटने के बाद महिलाएं गोवर्धन पूजा स्थल पर पहुंची, जहां परंपरागत रूप से बनाए गए अन्नकूट एवं गोवर्धन के प्रतीकों की पूजा की गई तथा रेंगनी के कांट से अपने जिह्वा का छेदन करते हुए शॉप दी। बहनों ने अपने भाइयों की दीर्घायु एवं सुखमय जीवन कामना की। इस दौरान महिलाओं द्वारा गोवर्धन से संबंधित पारंपरिक गीत – गोधन भैया चलले अहेलिया…., ओह पार गोधन भैया खेलेले शिकार समेत कई गीतों की प्रस्तुति से वातावरण भक्तिमय हो गया। गोधन कूटने को ले सुहागिनों एवं युवतियों में काफी उत्साह देखा गया। इसके बाद बहनों ने भाई को बजड़ी खिला भाई को ब्रज होने का आशीर्वाद दिया।मान्यता है कि जो भाई अपनी बहन के यहां बहन द्वारा बनाए गए भोजन करते हैं, वे हमेशा सुखमय होते हैं। यह परंपरा आज भी जीवित है। कई भाइयों द्वारा अपने बहन के यहां भोजन करना तथा बजड़ी के रूप में कच्चा चना, मटर एवं मिठाई खाने के लिए जाते हैं। परंपरा के अनुसार गोवर्धन पूजा के साथ ही मांगलिक कार्यक्रम शादी-विवाह, उपनयन, गृहप्रवेश, मुंडन, सतइसा आदि मांगलिक कार्य आरंभ होते हैं। जो शादी-विवाह व उपयनयन, गृहप्रवेश समेत अन्य मांगलिक कार्य आरंभ हो गया। इसके पूर्व गुरुवार को गोबर से बनी देव तुल्य भगवान गोवर्धन की प्रतिमा बहनों द्वारा बनाई गई और उन्हें फूल-पत्तियों, पेड़-पौधों से आच्छादित कर शुक्रवार को प्रातः पूरे मनोयोग एवं भक्तिभाव के साथ महिलाओं एवं कन्याओं ने अपने भाई के प्रति अटूट आस्था का पर्व भैया दूज के लिए इक्कट्ठा होकर पारंपरिक गीतों के माध्यम से भगवान गोवर्धन से अपने भाई के लिए आशीष मांगी। यह पूजा जिला मुख्यालय समेत महाराजगंज, दारौंदा, भगवानपुर, लकड़ी नबीगंज, बसंतपुर, तरवारा, आंदर, पचरुखी, बड़हरिया, हुसैनगंज, दरौली, गुठनी, नौतन, जीरादेई, गोरेयाकोठी, रघुनाथपुर, हसनपुरा, सिसवन आदि प्रखंडों में धूमधाम से मनाया गया।
पुलिस लाइन में 1.5 करोड़ की जब्त शराब की बोतलों पर चला रोलर
परवेज अख्तर/सिवान : पुलिस लाइन परिसर में शुक्रवार को जिलाधिकारी रंजिता के निर्देश पर एएसपी कांतेश मिश्रा, उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार तथा मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात सदर बीडीओ रमेंद्र कुमार की मौजूदगी में जिले के विभिन्न थानों से लगभग 150 कांडों में जब्त लगभग 15 हजार लीटर शराब की बोतलों पर रोड रोलर चलाकर नष्ट कर दिया गया। विनिष्ट किए गए शराब की बाजार में अनुमानित कीमत डेढ़ करोड़ रुपये आंकी जा रही है। शराब विनिष्ट के लिए सभी थाने के पदाधिकारी शराब लेकर आए थे। उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार ने बताया कि आदेश के बाद थानों में जब्त 15 हजार लीटर शराब पर रोलर चलाया गया। जिसकी कीमत लगभग डेढ़ करोड़ की है। अभी और थानों से शराब आ रहे हैं, पुलिस केंद्र पहुंचने के बाद वह नष्ट होगा। इसके पूर्व में हजारों लीटर शराब नष्ट किया गया था उस समय भी तकरीबन तीन करोड़ रुपये के शराब की बोतलों पर रोड रोलर चलाया गया।
कलम के आराध्य भगवान चित्रगुप्त की पूजा धूमधाम से संपन्न
सन्नी वर्मा/सिवान : जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण इलाकों में चित्रांश समाज के लोगों द्वारा कलम के आराध्य देव भगवान चित्रगुप्त की पूजा श्रद्धा भक्ति से शुक्रवार को मनाया गया।चित्रांश समाज के लोगो में इस पूजा को लेकर सुबह से ही उत्साह देखा गया। इसको लेकर शहर के चित्रगुप्त नगर स्थित चित्रगुप्त मंदिर का नए सिरे से मरम्मत एवं सफाई की गई थी। घरों में पूजा करने के बाद चित्रांश समाज के लोग यहां आकर सामूहिक रूप से चित्रगुप्त पूजा किये।चित्रगुप्त पूजा के अवसर पर चित्रगुप्त मंदिर में चित्रगुप्त पूजा समिति के अध्यक्ष पं. रामेश्वरी प्रसाद उर्फ छोटे बाबू, सचिव अवधेश कुमार श्रीवास्तव, उप सचिव अजय कुमार सिन्हा, सदस्य अरुण कुमार सिन्हा, विन्ध्वासिनी प्रसाद, सुनील कुमार सिन्हा, हरिनारायण सिन्हा आदि उपस्थित थे। मंदिर के नए सिरे से निर्माण कराए जाने के कारण यहां भगवान चित्रगुप्त की प्रतिमा रखकर पूजा की गई। ज्ञात हो कि गोवर्धन पूजा के बाद चित्रांश समाज द्वारा अपने इष्टदेवता भगवान चित्रगुप्त की पूजा कर सुखमय जीवन की कामना करते हैं। सचिव अवधेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यह पूजा साक्षरता के प्रतीक मानी जाती है। कायस्थ समाज के अलावा अन्य कोई भी शामिल हो सकता है। उन्होंने बताया कि पूजा के बाद प्रसाद का वितरण किया जाएगा। सदस्य सुनील कुमार सिन्हा ने बताया कि परंपरा के अनुसार अपने समाज में वर्ष भर कोई न कोई पर्व-त्योहार मनाया जाता रहता है, लेकिन चित्रगुप्त पुजा संभवत: एक ऐसा त्योहार है, जिसे किसी जाति विशेष के लोग ही मनाते हैं।
खिड़की तोड़ नकदी सहित एक लाख की संपत्ति की चोरी
परवेज अख्तर/सिवान : जिले के सराय ओपी क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में मंगलवार की देर रात एक घर से करीब 15 हजार नकद समेत करीब एक लाख की संपत्ति की चोरी अज्ञात चोरों द्वारा कर ली गई। घटना के संबंध में बताया जाता है कि कल्याणपुर निवासी मोहन साह का पूरा परिवार भोजन करने के बाद सो गया था। देर रात चोरों ने घर के पीछे से खिड़की तोड़कर घर में प्रवेश कर गए तथा घर से 15 हजार नकद,जेवर कीमती कपड़े समेत पेटी लेकर फरार हो गए। सुबह होने पर महिलाएं घर की सफाई कर रहीं तो खिड़की टूटे देख दंग रह गईं और परिजनों तथा आसपास के लोगों के जानकारी दी। मोहन साह ने बताया कि बक्से में 15 हजार नकद, गहने तथा कीमती कपड़े थे। समाचार प्रेषण तक थाने में आवेदन नहीं दिया गया था।
गौ-रक्षा के लिए किया गया गौ-डाढ़ पूजा
परवेज अख्तर/सिवान : गुरुवार की शाम जियांय में राजद नेता अवध बिहारी चौधरी के नेतृत्व में गौ-डाढ़ पूजा का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने कहाकि गाय सहज रूप से भारतीय जनमानस में रची हुई है। गो-सेवा को कर्तव्य के रूप में माना गया है। गाय के रूप में पृथ्वी की करूण पुकार और विष्णु से अवतार के लिए निवेदन के प्रसंग पुराणों में वर्णित है। इसी परंपरा को कायम करने व गौ रक्षा के लिए इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वहीं दूसरी ओर वीएम हाई स्कूल में ग्वाला जाति द्वारा गौ-डाढ़ पूजा का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. जयराम यादव ने बताया कि सभी देवी-देवता गौ माता के अंदर समाहित रहते हैं, उनकी पूजा करने से सभी फल मिलते है। गौ माता का हिंदू संस्कृति में अधिक महत्व है। पुराणों में गाय का पूजन, उसकी रक्षा, पालन-पोषण को कर्तव्य माना गया है। हम सबको गौ माता की सेवा करनी चाहिए। क्याेकि वह भी हमलोगों को एक मां की तरह ही पालन करती है।