परवेज़ अख्तर/सिवान : जिले के असांव थाना क्षेत्र के उतरवार टोला गांव में बुधवार को विद्युत करंट की चपेट में आने से दाे भैंस की मौत हो गई। भैंस चंवर में घास चरने गई थी।तभी धारा प्रवाहित तार टूटकर गिर गया। इसके चपेट में आने से दाेनों भैंस की मौत हो गई। भैंस उतरवार टोला गांव निवासी जवाहिर यादव तथा जयराम यादव की है। दोनों भैंस की कीमत 1 लाख 20 हजार बताई जा रही है।
शंभोपुर गांव में बारात से बोलेरो चोरी
परवेज़ अख्तर/सिवान : जिले के पचरुखी प्रखंड क्षेत्र के शंभोपुर गांव से मंगलवार की रात गोपालगंज के धर्मपरसा गांव में बरात गई थी। बरात में भाड़े पर बोलेरो गई थी। इस दौरान बराती नाश्ता कर रहे थे तभी उचक्कों ने बोलेरो चोरी कर ली। इस मामले में बोलेरो मालिक इम्तियाज अहमद ने संबंधित थाने में अज्ञात के विरुद्ध आवेदन कर कार्रवाई की मांग की है।
ट्रैक्टर घुसा दुकान में सामान क्षतिग्रस्त, एक घायल
परवेज़ अख्तर/सिवान : जिले के असांव थाना क्षेत्र के शिवपुर बाजार में बुधवार की शाम तेज रफ़्तार से आ रहा ट्रैक्टर शिवपुर बाजार में एक किराना दुकान में घुस गया। इससे दुकान में रखा हुआ सारा सामान क्षतिग्रस्त हो गया। दुकान शिवपुर सकरा गांव निवासी बहादुर चौरसिया की है। दुकान के पास खड़ा अर्कपुर निवासी कन्हैया पांडेय का पैर टूट गया।उसे इलाज के लिए सिवान भेजा गया।
रुपए गबन करने की प्राथमिकी
परवेज़ अख्तर/सिवान : जिले के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के कौसड़ निवासी धर्मेंद्र उपाध्याय की पत्नी सीमी उपाध्याय ने दहेज उत्पीड़न को लेकर पति पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने बुधवार को उसके पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पीड़िता का आरोप था कि पति द्वारा मेरे कान की बाली छीन ली गई थी। दहेज में एक लाख रुपए का मांग की जा रही थी। नहीं मिलने पर मेरे साथ मारपीट की जाती है। थानाध्यक्ष अभिमन्यु कुमार ने बताया कि थाना कांड 103/19 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पति धर्मेंद्र को जेल भेज दिया।
जाति, धर्म की राजनीति करने वालों की दुकानें जनता ने बंद कर दी : सिग्रीवाल
परवेज अख्तर/सिवान : जाति, धर्म की राजनीति की दुकानें 2019 की चुनाव में जनता बंद कर दी है। नए भारत के लिए जनता द्वारा पुनः एनडीए के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर यह जिम्मेदारी दी है। यह बातें रविवार की शाम मुख्यालय स्थित गांधी आश्रम परिसर में आयोजित अभिनंद समारोह के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कही। उन्होंने बिना नाम लिए जेल में बंद नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि जो जेल में बंद है, वो कोई स्वतंत्रता सेनानी नहीं, बल्कि न्यायालय के आदेश पर सजायाफ्ता है। उन्होंने राजग और अपनी जीत को जनता, समर्थकों का श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि जनता ने जो मुझे जिम्मेदारी दी है, उसे पूरा करने के लिए जनता से मिलकर काम करेंगे। सबसे पहले सांसद के अलावा भाजपा नेा देवेशकांत सिंह, रंजीत प्रसाद ने महात्मा गांधी के प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी इसके बाद सांसद को अंगवस्त्र, शॉल, गीता आदि देकर उन्हें सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता व मंच संचालन प्रखंड भाजपा अध्यक्ष रंजीत प्रसाद ने की। अपनी अध्यक्षीय भाषण में सांसद के दोबारा जीत पर उन्हें बधाई देते हुए जनता तथा कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह को संबोधित करनेवालों में भाजपा नेता देवेश कांत सिंह, रंजीत शुक्ला, हरेराम कुशवाहा, संदेश महतो, अनुरंजन मिश्रा आदि शामिल थे। मौके पर राजेंद्र तिवारी, प्रमोद तिवारी, अवधेश पांडेय, अखिलेश पांडेय, विनय गिरि, देवेंद्र गिरि, वैद्यनाथ महतो, संजय पांडेय, बलिराम प्रसाद, कमलेश कुमार, राजीव सिंह, सोनू सिंह, दीनानाथ पांडेय, अमरनाथ शर्मा, लक्ष्मण सिंह, सोनू सिंह आदि शामिल थे।
चेतना सत्र में विद्यालयों में दो छात्रा हुई बेहोश
परवेज अख्तर/सिवान : गर्मी की छुट्टी के बाद विद्यालय खुलने के प्रथम दिन सोमवार को तेज गर्मी का असर विद्यालयों में देखने को मिला। चेतना सत्र में दो छात्राएं बेहोश हो कर गिर पड़ी। इससे विद्यालय में अफरातफरी मच गया। प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय मलमलिया में चेतना सत्र में एक छात्रा गर्मी से बेहोश होकर गिर पड़ी। बताया जाता है कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक अवधेश सिंह सहित सभी शिक्षक छात्रों के साथ चेतना सत्र में शामिल काफी प्रयास के बाद बच्ची होश में आई। बेहोश हुई छात्रा वर्ग चार की मुस्कान खातून बताई जाती है।
तिलक समारोह से बोलेरो की चोरी
परवेज अख्तर/सिवान : जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के ब्रह्मस्थान गांव में तिलक समारोह से बोलेरो चोरी हो गई। इस मामले में बोलेरो चालक शमशाद अली ने अज्ञात के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। चोरी गई बोलेरो गोपालगंज जिले के बरौली थाना क्षेत्र के देवापुर निवासी नागेंद्र उपाध्याय की बताई जाती है। बताया जाता है कि बरौली थाने के देवापुर गांव से ब्रह्मस्थान गांव निवासी अरुण कुमार यादव के यहां तिलक आई थी।सभी लोग तिलक रस्म में व्यस्त थे। जब चालक अपनी गाड़ी के पास आया तो उसकी गाड़ी गायब थी। खाफी खोजबीन के बाद जब उसकी बोलेरो नहीं मिली तो थाने में अज्ञात के विरुद्ध आवेदन दिया। थानाध्यक्ष विपिन कुमार ने बताया कि चोर गिरोह का बहुत ही जल्द खुलासा हो जाएगा। उन्होंने वाहन मालिकों से भी अपनी गाड़ी के प्रति सजग रहने की बात कही।
हैंडपंप से क्षति पहुंचाने को ले मारपीट
परवेज अख्तर/सिवान: जिले के पचरुखी थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव में रविवार की रात पानी लेने के विवाद व हैंडपंप क्षति पहुंचाने में दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें आधा दर्जन लोग घायल हो गए। इस मामले में एक पक्ष की कमलावती देवी ने आरोप लगाया है कि गांव के ही संदीप गिरि सरकारी चापाकल को क्षति पहुंचाने लगा। मेरे द्वारा विरोध करने पर संदीप गिरि गाली गलौज करने लगा। उसके बाद उसके परिवार के अरविंद गिरि, राहुल गिरि समेत आधा दर्जन लोग लाठी-डंडा लेकर मारपीट करने लगे। इस दौरान बीच बचाव करने आए मेरे परिजनों के साथ भी मारपीट की गई। इस मारपीट में कमलावती देवी, मनोज गिरि, आनंद प्रसाद समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों में कमलावती देवी एवं मनोज गिरि की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। बीच बचाव करने गए भाजपा के प्रखंड उपाध्यक्ष शंभू सिंह को चोटे आई हैं। इस घटना में दोनों पक्ष ने थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।